IMG 20260331 WA0027

हरदा में डीआईजी प्रशांत खरें का वार्षिक निरीक्षण, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

हरदा (सार्थक जैन)। नर्मदापुरम रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) प्रशांत खरें ने जिले हरदा का वार्षिक निरीक्षण करते हुए पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत प्रातः रक्षित केन्द्र, हरदा से हुई, जहां डीआईजी ने परेड की सलामी ली। इस दौरान जवानों की टर्नआउट, अनुशासन और कार्य दक्षता का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत भी किया गया।

इसके बाद डीआईजी ने रक्षित केन्द्र कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की गहन जांच की तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। एम.टी. शाखा के निरीक्षण के दौरान शासकीय वाहनों की स्थिति, रखरखाव और उपयोगिता की जानकारी लेकर बेहतर संधारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

निरीक्षण के दौरान रक्षित केन्द्र में दरबार का आयोजन भी किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिनका डीआईजी ने गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और एसडीओपी कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

अंत में थाना सिविल लाइन, हरदा का निरीक्षण करते हुए परिसर, अभिलेख, मालखाना और हवालात की बारीकी से जांच की गई तथा थाना प्रभारी को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।डीआईजी प्रशांत खरें ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी तथा कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।

Scroll to Top