InCollage 20260406 181315638

भाजपा का 47वां स्थापना दिवस: हरदा में सादगी से हुआ आयोजन, कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की रीढ़

हरदा। भारतीय जनता पार्टी ने अपना 47वां स्थापना दिवस सोमवार को हरदा स्थित कमल कुंज कार्यालय में सादगी और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने संगठन की मजबूती का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए उन्हें पार्टी की “नींव और रीढ़” बताया।

विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के इस स्थापना दिवस पर कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी और आज भी पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समर्पण को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।

पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए तन, मन और धन का समर्पण ही सच्चा राष्ट्रप्रेम है। उन्होंने ‘अंत्योदय से भारतोदय’ के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस दिशा में पूरी निष्ठा से जुटा है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 17 जिला कार्यालयों के भूमिपूजन कार्यक्रम में सहभागिता की।

स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा कार्यालय को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पूर्व विधायक मनोहरलाल राठौर, नपा अध्यक्ष भारती कमेड़िया, अनिता अग्रवाल, वरिष्ठ नेता प्रहलाद पटेल, दिनेश झूरिया, देवी सिंह सांखला, बसंत राजपूत, राजेश गोदारा, दीपक नेमा आदि उपस्थित रहे ।

Scroll to Top