निगम-मंडल में कोई पद खाली नहीं रहेगा, सभी नियुक्तियां समय पर होंगी, मूंग खरीदी पर भी दिया भरोसा
हरदा। कोई कार्यकर्ता नाराज है या दूर हो गया है तो उसे पुनः जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए। निगम-मंडलों में नियुक्तियों में सभी नियुक्तियां समय पर होंगी कोई पद खाली नहीं रहेगा । उक्त बातें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आज शहर के बायपास रोड स्थित रेवा गार्डन में भाजपा नगर मंडल द्वारा आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कही।
इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए बड़े दिल से काम करें। साथ ही कहा कि यदि कोई कार्यकर्ता नाराज है या दूर हो गया है तो उसे पुनः जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए। अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए दूसरों की गलतियों को माफ करने की भावना से ही संगठन मजबूत बनता है।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी और सरकार में किसी भी प्रकार का पद खाली नहीं रहेगा। सभी नियुक्तियां तय समय सीमा में पूरी की जाएंगी। उन्होंने नगर परिषदों में एल्डरमैन की नियुक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि योग्य और विषय विशेषज्ञ कार्यकर्ताओं को शासन द्वारा जिम्मेदारी दी गई है, जो अपने अनुभव से नगर विकास में योगदान देंगे।
मूंग खरीदी के मुद्दे पर भी उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की सरकार है और किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उनके इस बयान से मूंग खरीदी को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को “राष्ट्र प्रथम” का मंत्र देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा संगठन है जो राष्ट्र को सर्वोपरि रखकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी दूसरे स्थान पर और कार्यकर्ता तीसरे स्थान पर आता है।
कार्यक्रम के समापन सत्र में पूर्व मंत्री कमल पटेल, डॉ. प्रभुराम चौधरी, भरतसिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, देवी सिंह सांखला, बसंत राजपूत, राजेश गोदारा, मनीष निशोद, नगर मंडल अध्यक्ष नितेश बादर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












