हरदा। रामनवमी के पावन अवसर पर हरदा नगर में इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। श्री राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में निकलने वाली यह शोभायात्रा धार्मिक, सांस्कृतिक और भक्तिमय वातावरण से ओत-प्रोत रहेगी।
आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता माता एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियां प्रमुख आकर्षण होंगी। इसके साथ ही भजन-कीर्तन मंडलियां, ढोल-नगाड़े, भगवा ध्वज यात्रा और अखाड़ों द्वारा शौर्य प्रदर्शन भी शामिल रहेगा।
यह शोभायात्रा 27 मार्च 2026, शुक्रवार को दोपहर 4 बजे संत रविदास चौक (खेड़ापति हनुमान मंदिर) से प्रारंभ होगी। यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों—घंटाघर, चौक बाजार, नारायण टॉकीज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जीपी मॉल, अन्नपूर्णा चौक, खेड़ा वाली माता मंदिर, हाउसिंग कॉलोनी होते हुए पर्यटन चौक पर समापन करेगी।
आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों के सामने रंगोली, तोरण द्वार और दीप सजाकर शोभायात्रा का स्वागत करें तथा अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।इस आयोजन का संचालन श्री हिंदू उत्सव समिति, हरदा द्वारा किया जा रहा है, जबकि विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल भी सहयोग कर रहे हैं।












