T1 240326042125110

जनसुनवाई : किसानों ने उठाई राहत राशि न मिलने की शिकायत

हरदा। जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और किसानों ने विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा।

कार्यक्रम के दौरान किसानों की समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। हंडिया तहसील के ग्राम बिछौला रैयत निवासी किसान रघुवीर सिंह राजपूत तथा ग्राम कचबेड़ी निवासी बलराम ने ओलावृष्टि और बारिश से हुए नुकसान के बावजूद तीन माह से अधिक समय बीत जाने पर भी राहत राशि और फसल बीमा का भुगतान न होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार हंडिया को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

इसी प्रकार ग्राम दुलिया निवासी तुलसीराम ने प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि की राशि प्राप्त न होने की समस्या रखी। कलेक्टर ने इस मामले में अधीक्षक भू-अभिलेख को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी शिकायतें आईं। ग्राम पीड़गांव निवासी अनोखीलाल और हरदा निवासी जमीला खान ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को पात्रता अनुसार पेंशन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा हरदा निवासी हेमराज ने ग्राम खिड़कीवाला में अपनी कृषि भूमि से गुजर रही विद्युत लाइन के तार नीचे झूलने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल, टिमरनी एसडीएम संजीव नागू सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

हालांकि जनसुनवाई में किसानों की लंबित समस्याओं को देखकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठे, क्योंकि लंबे समय बाद भी राहत राशि का भुगतान न होना चर्चा का विषय बना हुआ है।

Scroll to Top