हरदा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगामी 18 मार्च को नेहरू स्टेडियम हरदा में कार्यक्रम होना प्रस्तावित है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन और सफल आयोजन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा अंजली जोसेफ जोनाथन को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्होने जिले के अन्य विभागों के अधिकारियों को भी अलग-अलग दायित्व सौंपते हुए आदेश जारी कर दिए हैं।
आज कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा और अब तक की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में सभी संबंधित अधिकारी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें और सौंपे गये दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, हितलाभ वितरण सहित अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विस्तृत योजना बनाकर कार्य करने के लिए कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक शशांक, सीईओ जिला पंचायत अंजली जोसेफ जोनाथन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय व रजनी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।












