Blue Orange Minimal School Admission Instagram Post 20260301 114902 0000

लापरवाही बनी मौत का कारण, गीले हाथ मोबाइल का चार्जर लगाते समय करंट लगने से युवक की हुई मौत

हरदा । लापरवाही पूर्वक गीले हाथों से मोबाइल का चार्जर लगाते समय जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के मालेगांव गांव में करंट लगने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। लापरवाही वाकई कभी-कभी जानलेवा हो जाती है। गीले हाथों से इलेक्ट्रिक उपकरणों को छूना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक और उदाहरण सामने आया है। घटना शनिवार रात की है। रविवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी प्रमिला आहके (गोंड) शनिवार रात करीब 9 बजे वह खाना बना रही थीं, जबकि उनके पति पवन आहके (30) खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद पवन ने थाली में हाथ धोए और गीले हाथों से मोबाइल चार्जर को बिजली के बोर्ड में लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्हें बाएं हाथ की उंगलियों में करंट लगा और वे पीछे की ओर गिर गए।

प्रमिला और उनकी सास तुरंत वहां पहुंचीं तो पवन बेसुध पड़े थे। वे उन्हें निजी वाहन से रहटगांव अस्पताल ले गए। रात करीब 12 बजे डॉक्टरों के न होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात लगभग 2 बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया।

मृतक पवन की पत्नी प्रमिला की एक दो साल की बेटी है और वह स्वयं आठ महीने की गर्भवती हैं। प्रमिला ने बताया कि पवन ने एक अन्य महिला को भी रखा था, जिसकी आठ महीने की बेटी है। वह महिला पवन को छोड़कर चली गई है, जिसके बाद प्रमिला ही उस बच्ची का भी पालन-पोषण कर रही हैं।

मृतक के पिता गणेश आहके ने बताया कि पवन उनका सबसे बड़ा बेटा था। पवन तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे और खेती का काम करते थे।

Scroll to Top