IMG 20260223 WA0033 780x470 1

असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित बजाज शोरूम की टीम पहुंची एसपी आफिस, ज्ञापन सौंप लगाई महिला कर्मचारियों के सुरक्षा की गुहार

हरदा। गत दिवस नगर के प्रतिष्ठित सुरजीत बजाज शोरूम में घुसकर हुई मारपीट की घटना से आहत शोरूम के कर्मचारियों की टीम ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर ज्ञापन सौंपा ओर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की । सुरजीत बजाज शोरूम की महिला एवं युवक कर्मचारियों की टीम ने सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक के नाम कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती को ज्ञापन सौंपा। 

गौरतलब है कि नौ दिन पहले शोरूम में घुसे असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट, गाली-गलौज, महिलाओं से अशोभनीय व्यवहार तथा भय पैदा करने जैसी घटनाओं के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आहत टीम ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कर्मचारियों ने बताया कि 18 फरवरी को कुछ युवक शोरूम में घुस आए और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाले शब्द कहे, बलात्कार जैसी घटनाओं का उल्लेख कर भय फैलाने की कोशिश की, साथ ही एक कर्मचारी के साथ मारपीट भी की। पीड़ित महिलाओं ने यह भी कहा कि वे मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत कार्यरत हैं और ऐसे वातावरण में भयमुक्त होकर काम करना संभव नहीं है।

कर्मचारियों ने ज्ञापन में स्पष्ट कहा कि शोरूम संचालक सुरेश विधाणी के विरुद्ध दर्ज की गई कथित झूठी एफआईआर की निष्पक्ष जांच कर निरस्त किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। टीम ने शोरूम एवं महिला कर्मचारियों को पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा की गारंटी देने की मांग भी की। पीड़ित कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी पीड़ा को समझते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा और उन्हें भयमुक्त वातावरण में काम करने का अवसर प्रदान करेगा।

Scroll to Top