हरदा। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शुक्रवार 10 अप्रैल तक जिले में कुल 4314 बालिकाओं को टीकाकरण किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि हरदा में 620, टिमरनी में 826, खिरकिया में 841, सिराली में 494, रहटगांव में 525, हंडिया में 1008 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
इस प्रकार जिले में कुल 6715 के लक्ष्य विरूद्ध 4314 कुल 64.24 प्रतिशत बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण किया गया। डॉ. सिंह ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एचपीवी से होता है। एचपीवी टीका एक सुरक्षित और प्रभावी टीका है जो कैंसर से बचाने में मदद करता है। यह टीका जिला चिकित्सालय हरदा तथा टिमरनी, सिराली, खिरकिया व हंडिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में निःशुल्क लगाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सिंह ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि ऐसी बालिकाऐं जिनकी आयु 14 वर्ष तथा 15 वर्ष 3 माह तक की है वे अपनी बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं एवं बेटियों का भविष्य सुरक्षित बनाएं।













