IMG 20250405 WA0176

लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, सम्या एक्सीलेंस अवॉर्ड – जेंडर चैंपियन 2024 से सम्मानित हुई मना मंडलेकर

टिमरनी । तिनका सामाजिक संस्था के सचिव मना मंडलेकर को “सम्या एक्सीलेंस अवॉर्ड – जेंडर चैंपियन 2024” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें खेल और आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाने तथा लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

देशभर से सैकड़ों आवेदनों के बीच चयन प्रक्रिया के बाद मना मंडलेकर को यह पुरस्कार मिला। पुरस्कार के साथ ₹2,00,000 की व्यक्तिगत पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।

साल 2017 में स्थापित तिनका सामाजिक संस्था अब तक 76,000 से अधिक बच्चों को कराटे और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे चुकी है। यह संस्था का 11वां राष्ट्रीय सम्मान है।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद मना मंडलेकर ने कहा, “यह पुरस्कार मेरी नहीं, उन सभी बच्चियों और महिलाओं की जीत है, जो आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ रही हैं। यह सम्मान हमें और अधिक ऊर्जा और ज़िम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रेरित करता है।”

टीम तिनका ने इस उपलब्धि को अपने सभी प्रशिक्षकों, ग्रामीण केंद्रों तथा सहयोगी संगठनों को समर्पित करते हुए आभार प्रकट किया है।

Scroll to Top