IMG 20260326 WA0320

ड्यूटी के दौरान शहीद हुए प्रधान आरक्षक अभिषेक शिंदे के परिजनों को 1.10 करोड़ का आर्थिक सहयोग

जबलपुर। ड्यूटी के दौरान शहीद हुए प्रधान आरक्षक अभिषेक शिंदे के परिजनों को एसबीआई बैंक द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 1 करोड़ 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह चेक आज 26 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सौंपा गया।

प्रधान आरक्षक अभिषेक शिंदे थाना लार्डगंज की यादव कॉलोनी चौकी में पदस्थ थे। 27 अगस्त 2025 की रात वे एक आरोपी को पकड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान अंधमूक बायपास के पास सर्विस रोड पर तेज रफ्तार बुलेरो वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शिंदे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसी दिन उनका निधन हो गया।

आज आयोजित कार्यक्रम में एसबीआई बैंक की ओर से पुलिस सैलरी पैकेज अकाउंट के अंतर्गत उनकी पत्नी प्रियंका शिंदे को 1.10 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया गया। यह चेक पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में सौंपा गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि पुलिस विभाग अपने हर कर्मचारी और उनके परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहायता शहीद के परिवार के लिए संबल साबित होगी।

कार्यक्रम में एसबीआई के रीजन-2 सहायक महाप्रबंधक अमित भगत, भेड़ाघाट शाखा प्रबंधक नवीन जैन, मुख्य प्रबंधक राधेश्याम खेरड़े, एफओएस अंकित जायसवाल, रक्षित निरीक्षक जयप्रकाश आर्य सहित अन्य अधिकारी एवं परिजन उपस्थित रहे।

Scroll to Top