InCollage 20250930 114316953

राज्य सरकार आज बाजार से फिर लेगी 3 हजार करोड़ रुपए का कर्ज, मध्यप्रदेश पर कर्ज का सकल भार साढ़े चार लाख करोड़ रुपयों से ज्यादा हुआ

भोपाल।  राज्य सरकार आज मंगलवार को रिजर्व बैंक के मुम्बई कार्यालय के माध्यम से अपनी सिक्युरिटीज का विक्रय कर बाजार से 3 हजार करोड़ रुपयों का नया कर्ज उठायेगी। इस सितम्बर माह में तीसरी बार है कि जबकि बाजार से कर्ज लिया जा रहा है। इससे पहले 4 सितम्बर की सूचना से 5 हजार करोड़ रुपये और 19 सितम्बर की सूचना से 3 हजार करोड़ रुपये कर्ज लिया गया था। मंगलवार को लिये जाने वाले कर्ज में 1500 करोड़ रुपये का कर्ज 20 साल बाद तथा शेष 1500 करोड़ रुपयों का कर्ज 23 साल बाद अदा किया जायेगा और दोनों कर्जों पर साल में दो बार कूपन रेट पर ब्याज का भी भुगतान किया जायेगा। सितम्बर माह में बाजार से कर्ज लेने की कुल राशि 11 हजार करोड़ रुपये हो जायेगी। वर्तमान वित्त वर्ष में कर्ज की कुल राशि 38 हजार 400 करोड़ रुपये हो जायेगी।

राज्य सरकार पर अब कर्ज का सकल भार साढ़े चार लाख करोड़ रुपयों से ज्यादा का हो जायेगा। सरकार ने इसके लिये अपनी वित्तीय स्थिति सुदृढ़ बताई है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार अकेले लाडली बहन योजना में हर महीने साढे़ 1500 से 1800 करोड़ रुपए खर्च कर रही है।

Scroll to Top