हरदा । जिले में पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 2 मई 2026, शनिवार को ‘खिलता कमल राजस्थानी गैर महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शाम 7 बजे से जेवल्या परिसर, फोर लाइन एनएच छीपानेर बायपास के पास हरदा में शुरू होगा और पूरी रात चलेगा।
आयोजक विजय जेवल्या ने बताया कि राजस्थानी गैर हरदा जिले का एक बहुत ही पुराना और पारंपरिक खेल है, जो पहले लगभग हर गांव में खेला जाता था। एक-एक मंडल में करीब 50 सदस्य हुआ करते थे, लेकिन समय के साथ यह परंपरा धीरे-धीरे कम होती गई। अब इस महोत्सव के माध्यम से इस सांस्कृतिक धरोहर को फिर से जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में हजारों दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जिन्हें मां नर्मदा का वरद पुत्र और हरदा जिले का गौरव माना जाता है।
प्रतियोगिता में आकर्षक नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार ₹51,111, द्वितीय ₹31,111, तृतीय ₹21,111 और चतुर्थ ₹11,111 रहेगा। इसके अलावा विशेष पुरस्कार के रूप में सभी प्रतिभागियों को ₹1,111 की राशि दी जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एंट्री फीस ₹1,100 निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व विधायक संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति ने हरदा सहित आसपास के जिलों के सभी गैर मंडलों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है और जिले के समस्त खेल एवं संस्कृति प्रेमियों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।












