टिमरनी (संदीप अग्रवाल) : रहटगांव तहसील क्षेत्र के वन ग्राम बड़झिरी में कल शनिवार को हुए भीषण अग्निकांड में आठ मकान सहित गृहस्थी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया था। आग की चपेट में मवेशी, कृषि उपकरण और अनाज भी आ गए, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के दूसरे दिन रविवार को एसडीएम संजीव कुमार नागू के नेतृत्व में राजस्व दल पुनः मौके पर पहुंचा और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान जरूरतमंदों को राशन सामग्री, बिस्तर एवं कपड़े उपलब्ध कराए गए।
राहत एवं सहायता कार्य के दौरान तहसीलदार रश्मि धुर्वे, पटवारी दिनेश ठाकुर सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही समाजसेवी सुनील विश्वकर्मा, मितेश पारगे एवं अन्य सहयोगियों ने भी मानवीय पहल करते हुए वितरण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
एसडीएम श्री नागू ने वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावित परिवारों के लिए मकान निर्माण हेतु बांस एवं वल्लियों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन द्वारा स्वीकृत राहत राशि शीघ्र ही पीड़ितों के खातों में पहुंचाई जाएगी।
उधर, विभिन्न समाजसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा भी लगातार सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे पीड़ित परिवारों को इस संकट की घड़ी में संबल मिल रहा है।












