हरदा । नगर के वार्ड क्रमांक 32 शहीद दीप सिंह चौहान वार्ड, सुदामा नगर में नगर पालिका परिषद द्वारा पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्य का लोकार्पण किया गया। इस परियोजना की लागत लगभग 18 लाख रुपये बताई गई है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने पाइपलाइन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उन्होंने जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर की कोई भी कॉलोनी नर्मदा जल से वंचित नहीं रहेगी और शासन से योजनाएं स्वीकृत कराकर हर घर तक पानी पहुंचाया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेड़िया ने इसे वार्डवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि यह योजना भविष्य में जल समस्या का स्थायी समाधान बनेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, नगर मंडल अध्यक्ष नीतेश बादर, नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल सहित पार्षद लोकेश राव मराठा, शुभम इवने, प्रदीप सोनी, मनसुख लोहना सहित एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।













