file 000000003d00720bae3fe724de9a7932

हरदा रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों की मनमानी, यात्रियों से बदसलूकी के मामले बढ़े

हरदा। शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में इन दिनों कुछ ऑटो चालकों की मनमानी और यात्रियों के साथ बदसलूकी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि कुछ चालक न केवल मनमाने किराए वसूल रहे हैं, बल्कि दबाव बनाकर यात्रियों को अपने ऑटो में बैठाने की कोशिश भी कर रहे हैं।

शनिवार को ऐसा ही एक मामला सामने आया, जो सिटी पुलिस थाने तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में संबंधित ऑटो चालकों ने शिकायतकर्ता से समझाइश कर माफी मांगी, जिसके बाद मामला शांत हो गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खासकर रात के समय कुछ ऑटो चालक समूह बनाकर अपनी मनमानी करते हैं और एक तरह से एकाधिकार (मोनोपॉली) कायम कर लेते हैं। इससे अन्य ऑटो चालकों के साथ-साथ यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ऑटो चालकों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए और मनमानी पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।

Scroll to Top