टिमरनी (संदीप अग्रवाल) । श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर टिमरनी रेलवे स्टेशन पर जल सेवकों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर एवं श्रीफल अर्पित कर जल सेवा कार्य का शुभारंभ किया गया। इस पुण्य कार्य की शुरुआत श्रद्धा और सेवा भावना के साथ की गई, जिसमें पहले ही दिन 30 से 35 जल सेवकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
जल सेवा समिति द्वारा पिछले लगभग 25 वर्षों से निरंतर यह सेवा कार्य संचालित किया जा रहा है। पूर्व में यह सेवा शासकीय महाविद्यालय टिमरनी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं एनसीसी, स्काउट-गाइड के माध्यम से संचालित होती थी, जिसे अब जल सेवकों ने और अधिक संगठित एवं विस्तृत रूप प्रदान किया है।
पिछले वर्ष यह जल सेवा लगभग 70 दिनों तक चली थी, जिसमें 50 से अधिक जल सेवकों ने मिनरल वाटर के माध्यम से यात्रियों की सेवा की थी। इस वर्ष भी प्रथम दिवस पर ही 4 से 5 ट्रेनों में यात्रियों को मिनरल वाटर उपलब्ध कराया गया।
इस सेवा कार्य में प्रमुख रूप से सचिन दुबे, मदन पंजाबी, किशोर काका, मुन्ना, सतीश शुक्ल, पप्पू धनगर, युवराज, मयंक, योगेश, अरुण, अनमोल, कृष्णा, अखिल, आदित्य, आशीष, खेमचंद, राजवीर, दिलीप, नीतू, नरेंद्र, सीताराम पाल, जगदीश मालवी, अरुण नायर, अरुण बौरासी, सुनील बडोदिया, तरुण पवार एवं पंकज तिवारी सहित अन्य जल सेवकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
विशेष रूप से आज के दिन श्री पंकज तिवारी के सुपुत्र राज तिवारी के जन्मदिन के अवसर पर जल सेवकों को कोल्ड ड्रिंक वितरित की गई। इस मौके पर सभी जल सेवकों एवं जल सेवा समिति के मीडिया प्रभारी दीपक बिबरिया ने राज तिवारी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर प्रारंभ हुई यह जल सेवा न केवल सेवा भावना का प्रतीक है, बल्कि समाज में सहयोग और समर्पण की मिसाल भी पेश करती है।













