IMG 20260321 210119

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो 335 ग्राम गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

हरदा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रहटगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 2 किलो 335 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 20 मार्च 2026 को थाना रहटगांव प्रभारी मनोज कुमार दुबे के नेतृत्व में टीम द्वारा टेमागांव-छिदगांव रोड पर चेकिंग की जा रही थी।

चेकिंग के दौरान बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था और उनके बीच एक पीले रंग की बोरी रखी हुई थी। पुलिस द्वारा रोकने पर चालक ने घबराहट में 500 रुपये देने की कोशिश की, जिससे संदेह और बढ़ गया।

कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों ने बोरी में गांजा होना स्वीकार किया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 335 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 70,000 रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम नितिन दावरे (पिता रमेशचंद्र दावरे) एवं विशाल विश्वकर्मा (पिता राजेंद्र विश्वकर्मा), निवासी देवास जिले के खातेगांव ग्राम बताए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

इस कार्रवाई में थाना रहटगांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें सउनि भूपेन्द वाड़ीवा ,प्रआऱ.100 प्रदीप, प्रआर.141 देवेन्द्र राव , प्रआर 364 राममोहन चिचाम ,आर,292 विजय बकोरिया , आर.चालक 57 सोनू पुलिसकर्मियों ने सक्रिय योगदान दिया। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Scroll to Top