IMG 20260410 WA0273

लोकायुक्त टीम की कार्यवाही तीन रिश्वतखोर रंगे हाथों पकड़ाये 

भोपाल लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए इटारसी के केसला जनपद पंचायत में बड़ी कार्रवाई की। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यालय में रिश्वत लेते तीन लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

लोकायुक्त टीम ने सहायक विकासखंड प्रबंधक समेत तीनों को 20,000 रुपये रिश्वत लेते धर दबोचा। केसला जनपद पंचायत में ‘पशु सखी’ सुनैया बरकड़े को फरवरी 2026 में 29,700 रुपये का मानदेय मिला था। सहायक विकासखंड प्रबंधक धर्मेंद्र गुप्ता ने उन पर दबाव डाला कि काम कम किया है और ज्यादा पैसे बनवाए गए हैं। उन्होंने 25,000 रुपये मांगे और न देने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी। मिन्नतों के बाद रकम 20,000 रुपये पर तय हुई।

सुनैया की शिकायत पर लोकायुक्त एसपी दुर्गेश कुमार राठौड़ ने जाल बिछाया। शुक्रवार 10 अप्रैल को जैसे ही सुनैया पैसे लेकर कार्यालय पहुंची, टीम ने छापा मारा। मुख्य आरोपी गुप्ता ने क्लस्टर फेडरेशन मैनेजर कामिनी राजपूत और चपरासी कृष्णा धुर्वे के जरिए रिश्वत ली। लोकायुक्त टीम ने तीनों को मौके पर पकड़ लिया।

पुलिस महानिदिरेक्टर योगेश देशमुख के निर्देश और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में डीएसपी अजय मिश्रा, निरीक्षक रजनी तिवारी, घनश्याम मर्सकोले और प्रधान आरक्षक रामदास कुर्मी शामिल थे। तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत केस दर्ज हुआ है।

Scroll to Top