FB IMG 1773922376458

अजनाल नदी तट से ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2026’ का शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया श्रमदान

हरदा। प्रदेश में जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2026’ का गुरुवार से विधिवत शुभारंभ हो गया। यह अभियान 19 मार्च (गुड़ी पड़वा) से शुरू होकर 30 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा।

अभियान का मुख्य उद्देश्य नदियों, तालाबों, कुओं और पारंपरिक जल संरचनाओं का संरक्षण एवं संवर्धन कर जल संकट के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना है। हरदा जिले में अभियान की शुरुआत शहर स्थित अजनाल नदी तट पर श्रमदान के साथ की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं श्रम कर जल संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल और जिला पंचायत सीईओ अंजलि जोसेफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके साथ अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रमदान कर अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने, उप संचालक कृषि जे.एल. कास्दे, सीएमएचओ डॉ. एच.पी. सिंह, जिला आबकारी अधिकारी सुनील भोजने, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश पाटीदार, जनपद पंचायत सीईओ विश्वजीत पाटीदार और जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

अभियान के जरिए जिले में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता फैलाने और सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Scroll to Top