अब 31 मार्च 2022 तक सोमवार से शुक्रवार लगेंगे दफ्तर, शनिवार-रविवार का अवकाश बरकरार रहेगा
लोकमतचक्र.कॉम।
भोपाल : राज्य शासन ने प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में कोरोना के कारण लागू की गई पांच दिवसीय कार्यालय व्यवस्था खत्म करने के बजाय उसे और बढ़ा दिया है। यह अवधि 31 अक्टूबर को समाप्त हो रही थी जिसे शासन ने 31 मार्च 2022 तक के लिए बढ़ा दिया है।जीएडी ने इसका पालन करने के निर्देश विभाग प्रमुखों को दिए हैं।
मध्य प्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय, भोपाल द्वारा आज जारी आदेश में कहा गया कि इस विभाग का समसंख्यक आदेश दिनांक 22 जुलाई 2021 के माध्यम से राज्य शासन द्वारा कोविड-19 महामारी के रोकथाम एवं बचाव के संबंध में सम्पूर्ण प्रदेश के शासकीय कार्यालयों के कार्यदिवस सप्ताह में 05 दिवस (सोमवार से शुक्रवार) निर्धारित किए गये थे, उक्त आदेश दिनांक 31.10.2021 तक प्रभावशील है। राज्य शासन इसी अनुक्रम में यह निर्णय लिया गया है कि उक्त आदेश दिनांक 31 मार्च 2022 तक प्रभावशील रहेगा। कृपया उपर्युक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए अपने अधीनस्थों को भी इस संबंध में सूचित करने का कष्ट करें।
उक्त आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम.से तथा आदेशानुसार, डी. के. नागेन्द्र उप सचिव मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल ने जारी किया है।