हरदा : ब्राह्मण समाज हरदा के तत्वाधान में विप्र सामाजिक एकता एवं धर्म प्रचार के संकल्प के तहत वर्ष 2022 से निरंतर जारी साप्ताहिक सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ का 178वां आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ।
यह धार्मिक आयोजन पं. हरिनारायण जोशी द्वारा उनके निज निवास, श्री राम मंदिर के पास, गोलापुरा (हरदा) में विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस पुनीत अवसर पर बड़ी संख्या में आचार्यगण, विप्रजन, सोसायटी के सम्मानित सदस्य, स्थानीय निवासी एवं इष्टमित्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मां नर्मदा परिक्रमा सेवा संगठन के सदस्य तथा आदरणीय महामंडलेश्वर 1008 श्री श्री अच्युतानंद जी सरस्वती महाराज का भी विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। साथ ही गूगल मीट के माध्यम से देशभर से जुड़े हनुमान भक्तों ने भी इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी उपस्थित एवं ऑनलाइन जुड़े श्रद्धालुओं का आत्मीय आभार व्यक्त किया गया। ब्राह्मण समाज वेलफेयर सोसायटी हरदा ने इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया, जिससे समाज में एकता, धार्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रसार होता रहे।











