हरदा (सार्थक जैन)। नगर में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर शुक्रवार को घंटाघर चौक पर पुलिस बैंड द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई। इस आयोजन का उद्देश्य वर्ष 2026 की मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती के लिए युवाओं को प्रेरित और जागरूक करना था।
शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे शहर के व्यस्त घंटाघर चौक पर पुलिस टीम ने टेंट के नीचे बैंड बजाना शुरू किया। तेज धूप के बावजूद देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों ने राहगीरों को आकर्षित किया और कई लोग रुककर इस प्रस्तुति का आनंद लेने लगे। उपस्थित लोगों ने इस अनोखे आयोजन को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।
यह आकर्षक प्रस्तुति सातवीं बटालियन भोपाल की बैंड टीम द्वारा दी गई, जिसने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी शालिनी परस्ते, थाना प्रभारी रोशनलाल भारती, आरएस तिवारी, रजनीसिंह गुर्जर सहित ट्रैफिक थाना स्टाफ और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को पुलिस सेवा के प्रति आकर्षित करने और भर्ती प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।













