हरदा । प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर हरदा में बड़ा आंदोलन किया गया। दोपहर 2 बजे कृषि उपज मंडी में बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हुए और लगभग तीन घंटे तक धरना देने के बाद पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां कांग्रेस नेताओं और किसानों ने गेट पर बैठकर भजन-कीर्तन के साथ राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान हरदा विधायक रामकिशोर दोगने, टिमरनी विधायक अभिजीत शाह और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई कंधे पर गेहूं और मक्का की बोरी लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस प्रतीकात्मक विरोध के जरिए किसानों की स्थिति को उजागर किया गया। नेताओं ने सरकार पर किसानों की अनदेखी के आरोप लगाए।
कलेक्टर कार्यालय परिसर में धारा 163 लागू होने पर विधायक अभिजीत शाह ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश में अन्य कहीं यह धारा लागू नहीं है, तो हरदा में इसे क्यों लगाया गया। उन्होंने कहा, “क्या किसान आतंकवादी हैं?” वहीं विधायक रामकिशोर दोगने ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाए कि वास्तविक जिम्मेदारों को दरकिनार किया जा रहा है।
धरना स्थल पर किसानों की प्रमुख समस्याओं—फसल का उचित मूल्य, समर्थन मूल्य पर खरीदी में देरी, नहरों में पानी की कमी, बिजली बिल वसूली और मुआवजा—को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई ने समर्थन मूल्य पर खरीदी तुरंत शुरू करने की मांग की। विधायक अभिजीत शाह ने सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी नहीं छोड़े जाने को गंभीर समस्या बताया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम संयुक्त कलेक्टर सतीश राय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि समर्थन मूल्य पर खरीदी 16 मार्च से शुरू होनी थी, लेकिन अब तक शुरू नहीं होने से किसानों को करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही लगभग 4 लाख क्विंटल उपज कम दामों में बिकने का भी उल्लेख किया गया।
ज्ञापन में किसानों की 8 प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें समर्थन मूल्य पर तत्काल खरीदी शुरू करना, खरीदी सीमा समाप्त करना, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना, बिजली वसूली पर रोक, मूल्य अंतर की भरपाई, मूंग खरीदी पंजीयन शुरू करना, नरवाई मामलों को वापस लेना और सहकारी बैंक कर्ज वसूली की तारीख बढ़ाना शामिल है।
प्रदर्शन में हरदा विधायक रामकिशोर दोगने, टिमरनी विधायक अभिजीत शाह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई, पूर्व जिला अध्यक्ष ओम पटेल, लक्ष्मी नारायण पवार, हेमंत टाले, अरुण जायसवाल, गोविंद व्यास, अनिल कुमार लिबर्टी, संजय भायारे, सुरेंद्र बिश्नोई, अमीर पटेल, भूपेश बाबल, विनोद पटेल, गब्बू शर्मा, अनिल बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।













