IMG 20260409 153807

24 घंटे में हरदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल झपटमार गिरफ्तार, 1.12 लाख के मोबाइल व बाइक जब्त

हरदा (सार्थक जैन)। पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए मोबाइल झपटमारी की वारदातों का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के महंगे मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 अप्रैल 2026 को फरियादी अखिलेश कड़ोले और सुभान खान ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि शाम करीब 6:45 बजे घर लौटते समय दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनके मोबाइल फोन झपट लिए। इसी दौरान इंडस्ट्रियल एरिया से लोकेश सूतार का वीवो मोबाइल और बघेल हॉस्पिटल के पास से निकुंज पाटिल का एप्पल मोबाइल भी छीना गया। सभी मोबाइल की कुल कीमत लगभग 1,12,000 रुपये बताई गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी के मार्गदर्शन में दो टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे 80 से 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस ने मोहम्मद नदीम (22) निवासी देव कॉलोनी, हरदा और शेख मोहम्मद मुस्तफा (26) निवासी ग्राम कोषद, सूरत (गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चारों चोरी किए गए मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की काली पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना कोतवाली के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारी सनि. सोहन सिंह सउनि. जितेंद्र राजपूत,सउनि. संजय ठाकुर, प्रआ. करण साहू,आर प्रदीप मालवीय,आर वीरेंद्र सिंह राजपूत,आर सजन राजपूत,आर शैलेन्द्र कि अहम भूमिका रही, जिनकी सराहना की जा रही है।

Scroll to Top