हरदा। भारतीय किसान संघ जिला हरदा द्वारा गेहूं खरीदी एवं आगामी ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। किसानों ने रैली निकालकर एसडीएम अशोक डेरिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर गेहूं की तुलाई नहीं होने से कई किसान डिफाल्टर हो गए हैं। इसके बावजूद सरकार ने ऋण वसूली की तारीख में कोई राहत नहीं दी है। किसानों ने मांग की कि ऋण वसूली की अंतिम तिथि 28 मार्च से बढ़ाकर 15 मई की जाए।
किसानों ने यह भी आशंका जताई कि राज्य सरकार ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी करने के पक्ष में नहीं है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने 15 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के हिसाब से मूंग खरीदी योजना लागू करने की मांग की।
इसके अलावा किसानों ने नरवाई जलाने के मामलों में दर्ज एफआईआर तत्काल वापस लेने और मोरंड-गंजाल संयुक्त सिंचाई परियोजना को शीघ्र शुरू करने की भी मांग रखी।किसान संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।













