हरदा (सार्थक जैन)। नगर की दिगंबर जैन समाज इन दिनों गहरे धार्मिक उत्साह और उल्लास में डूबी हुई है। अवसर है पूर्वी निवाड़ (खंडवा जिला) में आयोजित होने वाले 108 श्री जिनबिम्ब पंचकल्याणक महोत्सव का, जिसमें हरदा के जैन दम्पत्ति प्रदीप-प्रिया अजमेरा को भगवान के माता-पिता बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
इस शुभ अवसर पर नगर के जैन श्रावकों द्वारा परंपरागत धार्मिक रस्मों के अंतर्गत दम्पत्ति की गोदभराई का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अजमेरा निवास को प्रतीकात्मक रूप से अयोध्या नगरी के रूप में सजाया गया, जहां महाराज नाभिराय का दरबार सजा और माता मरूदेवी की गोदभराई की रस्म संपन्न हुई।
जैन समाज के कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया की कार्यक्रम के दौरान पुष्पवर्षा, मंत्रोच्चार और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा, मंगल गीतों और संगीत की धुन पर गोदभराई की रस्म अदा की गई। श्रद्धालु झूमते-गाते नजर आए और पूरा माहौल उत्सवमय बन गया। इससे पूर्व जैन दम्पत्ति का भव्य वरघोड़ा (शोभायात्रा) नगर में निकाला गया, जिसमें जगह जगह श्रावकों ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया। अयोध्या नगरी रूपी अजमेरा भवन पहुंचने पर समाजजनों, परिजनों और मित्रों ने भव्य स्वागत-अभिनंदन किया।
दरबार में माता मरूदेवी और महाराज नाभिराय को राजसिंहासन पर विराजमान कर विधिवत पूजन एवं गोदभराई की रस्म निभाई गई। श्रद्धालुओं ने आरती उतारी, चढ़ावा अर्पित किया और प्रसाद ग्रहण किया। लगभग एक घंटे तक चले इस आयोजन में भक्ति, आनंद और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
जैन समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने चर्चा करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना बल्कि समाज की एकजुटता और परंपराओं के प्रति समर्पण का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है। आयोजन में समाज के सभी सदस्य पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए ।



















