हरदा। वर्तमान शासन नायक, देवाधिदेव भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महा महोत्सव का आयोजन 30 मार्च 2026, सोमवार को बड़े हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज, हरदा द्वारा विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उक्त जानकारी देते हुए जैन समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन एवं कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक में कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5:30 बजे प्रभात फेरी से होगी, जिसमें बच्चों सहित अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की गई है। इसके पश्चात सुबह 7:30 बजे 108 कलशों से 64 रिद्धि सिद्धि मंत्रों भगवान का मस्तकाभिषेक एवं दिव्य शांतिधारा का आयोजन होगा।सुबह 9:00 बजे श्रीजी की भव्य शोभायात्रा पारंपरिक मार्गों से निकाली जाएगी, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रहेगी। इसके बाद अभिषेक एवं शांतिधारा का क्रम जारी रहेगा।
समाज के सचिव राहुल गंगवाल एवं सह सचिव संजय पाटनी ने आगे के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर 11:30 बजे जैन धर्मशाला में सामूहिक वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया है। वहीं शाम 7:30 बजे महाआरती, पालना एवं भजन कार्यक्रम के साथ दिनभर के आयोजनों का समापन होगा। महिला परिषद द्वारा भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में गत एक सप्ताह से नगर के विभिन्न जैन मंदिरों में बधाई गीतों का आयोजन कर प्रभावना वितरण की जा रही है। नगर के शांतिनाथ चैत्यालय, चंद्रा प्रभु चैत्यालय में बधाई गीत संध्या का आयोजन हो गया है कल शांतिनाथ मंदिर में बधाई गीत आयोजन रखा गया है ।
जैन समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन भगवान महावीर स्वामी की शोभायात्रा में विशेष रूप से महिलाओं से केसरिया एवं पुरुषों से सफेद वस्त्र धारण कर कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया है। साथ ही समाज के व्यापारियों से अपील की गई है कि वे दोपहर 1:00 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर धर्म प्रभावना में सहभागी बनें।
दिगंबर जैन संस्था ट्रस्ट ने समाज के सभी बंधुओं, माताओं एवं बहनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।












