हरदा। धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम एक बार फिर हरदा में देखने को मिल रहा है । श्री अड्डे वाले बालाजी हनुमान मंदिर, पुरानी गल्ला मंडी में गत 21 मार्च से शुरू हुई भव्य संगीतमय श्री रामकथा 27 मार्च 2026 तक चलेगी। इस आयोजन में कथा व्यास पं. सुशीलजी जोशी द्वारा श्रद्धालुओं को रामचरित के विविध प्रसंगों का रसपान कराया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आज राम विवाह उत्सव का आयोजन किया गया जिसे श्रृद्धालुओं ने भरपूर उत्साह के साथ मनाया ।
आयोजन के संयोजक परिवार के सदस्य हेमंत गोस्वामी राजस्व निरीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन की शुरुआत 21 मार्च को सुबह 9 बजे कलश यात्रा के साथ हुई थी, इसके बाद प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से शाम 5 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा हैं । समापन 27 मार्च को पूर्णाहुति एवं प्रसादी के साथ होगा।
आयोजकों द्वारा कथा के प्रत्येक दिन के प्रसंग भी निर्धारित किए गए हैं, जिनमें भगवान श्रीराम के जीवन के महत्वपूर्ण अध्यायों का वर्णन किया जा रहा है जिससे प्रथम दिवस – मंगलाचरण, वंदना एवं नाम महिमा, द्वितीय दिवस – शिव विवाह, तृतीय दिवस – राम जन्मोत्सव, चतुर्थ दिवस – ताड़का वध एवं अहिल्या उद्धार, पंचम दिवस – स्वयंवर एवं विवाहोत्सव, षष्ठ दिवस – वनवास, भरत मिलाप एवं लंका दहन, सप्तम दिवस – रावण वध एवं प्रभु श्री राम जी का राज्याभिषेक होगा।
इस सात दिवसीय कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श जीवन से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का लाभ लेने की अपील की है। आयोजन श्री अड्डे वाले बालाजी हनुमान मंदिर भक्त मंडल द्वारा किया जा रहा है, जबकि संयोजन गोस्वामी परिवार, हरदा द्वारा किया जा रहा है।













