टिमरनी (संदीप अग्रवाल)। थाना टिमरनी पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा एवं एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलैया के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 8 दिसंबर 2025 को फरियादी जगदीश मोरछले निवासी मालौना चारखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि संत श्री रामजी बाबा मंदिर में रखी दान पेटी का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगभग 8-9 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। इसी प्रकार, जनवरी 2026 में फरियादी आस्था धुर्वे निवासी परसाई कॉलोनी टिमरनी ने घर का ताला तोड़कर कपड़े, नगदी एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए थाना टिमरनी पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी अजय उइके (उम्र 25 वर्ष), निवासी कोठरा थाना शिवपुर जिला नर्मदापुरम को डोलरिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है। हालांकि आरोपी द्वारा चोरी किए गए दस्तावेजों को फेंक देने की जानकारी दी गई, जिनकी तलाश जारी है। दस्तावेज न मिलने के कारण मामले में साक्ष्य नष्ट करने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है।













