सिराली। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान श्री साई निकेतन विद्या मंदिर, मुहाड़िया के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि विद्यालय के दो मेधावी छात्र जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित हुए हैं। कक्षा के प्रतिभाशाली छात्र युवान मन्नासे, पिता श्री संजय मन्नासे एवं विनायक भायरे, पिता श्री संजय भायरे ने अपनी मेहनत और लगन से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
दोनों छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, चारुवा में होने से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य ने कहा कि यह सफलता न केवल छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन का भी प्रमाण है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।












