Gujarat firecracker factory Blast 1743492687 1

गुजरात बनासकांठा पटाखा फैक्ट्री दुर्घटना में हरदा जिले के 8 मजदूर मृत, 3 घायल 2 लापता

हरदा (सार्थक जैन/स्वासिक गंगवाल) । गुजरात के जिला बनासकांठा में डिसा नामक स्थान पर लगभग सुबह 8 बजे फटाखा फैक्टरी में बॉयलर फटने से कुल 18 मजदूरों की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त है। इन 18 मृतकों में 8 मृतक हरदा जिले के निवासी होना बताए गए है। इसके अलावा तीन लोगों के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है तथा दो व्यक्ति दुर्घटना के बाद से अभी भी लापता है । मृतकों के संबंध में तथ्यों की पुष्टी जिला प्रशासन बनासकांठा गुजरात से प्राप्त की जा रही है।

सूत्रों से प्राप्त सूचना के अनुसार हरदा जिले के हंडिया निवासी श्रीमती गुड्डी बाई पति भगवान सिंह नायक उम्र 30 वर्ष, विजय भगवान सिंह नायक 17 वर्ष, अजय भगवान सिंह नायक 16 वर्ष, कृष्णा भगवान सिंह नायक 12 वर्ष, विष्णु पुत्र सत्य नारायण नायक 18 वर्ष, सुरेश पुत्र अमर सिंह नायक 25 वर्ष, बबीता पति संतोष नायक 30 वर्ष तथा धनराज बैन उम्र 18 वर्ष की मृत्यु हो गई है। यह सभी हंडिया निवासी हैं। संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय ने बताया कि इसके अलावा राजेश पुत्र सत्यनारायण नायक उम्र 22 वर्ष निवासी हंडिया, बिट्टू पुत्र सत्यनारायण नायक निवासी हंडिया 14 वर्ष तथा विजय पुत्र रामदीन काजवे निवासी मालपौन, उम्र 23 वर्ष के घायल होने की खबर है। इस दुर्घटना में 2 व्यक्तियों संजय नायक 12 वर्ष तथा लक्ष्मी 50 वर्ष अभी तक लापता है। जिला प्रशासन बनासकांठा से अद्यतन जानकारी प्राप्त होने पर जानकारी परिवर्तित हो सकती है। 

घटना की जानकारी प्राप्त होने पर संयुक्त कलेक्टर संजीव नागू के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन का दल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया है। जिला बनासकांठा के साथ प्रशासन लगातार समन्वय कर रहा है।

Scroll to Top