भोपाल। विभागीय पोर्टल की समस्या कै चलते फसल विक्रय का पंजीयन नहीं होने से परेशान किसानों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने पंजीयन तिथि बढ़ाने की घोषणा करते हुए पंजीयन तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गेहूं खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने का भी ऐलान किया है। वहीं उड़द की खरीदी पर 600 रुपए देने देने की घोषणा भी की है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। सीएम ने लिखा, ‘राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। आज भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा में किसानों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय किये। राज्य सरकार इस वर्ष गेहूं खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस प्रदान करेगी। गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च की जा रही है।
गौरतलब है कि रबी उपार्जन वर्ष 2026-27 अंतर्गत समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूँ उपार्जन हेतु किसान पंजीयन की अवधि दिनांक 07 मार्च 2026 निर्धारित की गयी थी जिसमें शासन द्वारा वृद्धि कर गेहूँ पंजीयन की अवधि दिनांक 10 मार्च 2026 तक नियत की गयी है। इसके साथ ही सभी पंजीयन केन्द्रों को निर्देशित किया गया है कि गेहूँ पंजीयन तिथि की वृद्धि के संबंध में क्षेत्रीय किसानों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर सभी पात्र किसानों से पंजीयन निर्धारित अवधि दिनांक 10 मार्च 2026 तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करायें।
किसान भाईयों को सूचित किया जाता है कि गेहूँ पंजीयन की तिथि में वृद्धि की जाकर पंजीयन की अवधि दिनांक 10 मार्च 2026 तक नियत की गयी है कृपया नजदीकी पंजीयन केन्द्र, किसान ऐप या एम.पी. ऑनलाईन एवं कामन सर्विस सेंटर के कियोस्क सेंटरों के माध्यम से गेहूँ का पंजीयन निर्धारित अवधि तक पूर्ण करा लिया जायें। जिससे कि समर्थन मूल्य पर गेहूँ विक्रय हेतु लाभ प्राप्त हो सकें।












