IMG 20260410 WA0292

व्यापारियों के लिए बड़ी पहल: कैट और श्रीराम फाइनेंस ने लॉन्च किया फिनटेक पोर्टल

हरदा (सार्थक जैन)। देशभर के व्यापारियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और महिला उद्यमियों को आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) ने श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के साथ साझेदारी में एक समर्पित फिनटेक पोर्टल लॉन्च किया है।

उक्त जानकारी देते हुए कैट के हरदा जिलाध्यक्ष सरगम जैन ने बताया कि यह पोर्टल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आम उद्यमियों तक वित्तीय पहुंच बढ़ाने के विज़न के अनुरूप तैयार किया गया है। इसका शुभारंभ प्रवीन खंडेलवाल और जी.एम. जिलानी द्वारा कंस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित एक भव्य समारोह में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी नेता उपस्थित रहे।

कैट के प्रदेश सचिव अशोक दौलतानी ने बताया कि यह पोर्टल व्यापारियों के लिए ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाएगा। वहीं जिलाध्यक्ष सरगम जैन के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से एमएसएमई ऋण (सुरक्षित एवं असुरक्षित), व्यक्तिगत ऋण, स्वर्ण ऋण, दोपहिया वाहन ऋण और वाणिज्यिक वाहन वित्तपोषण जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

यह फिनटेक प्लेटफॉर्म “फिजिटल मॉडल” पर आधारित है, जिसमें व्यापारी डिजिटल माध्यम से ऋण के लिए आवेदन कर सकेंगे, जबकि अंतिम प्रक्रिया और वितरण कंपनी के व्यापक शाखा नेटवर्क के जरिए पिनकोड आधारित सिस्टम पर किया जाएगा। इससे डिजिटल सुविधा और जमीनी स्तर की सेवाओं के बीच संतुलन स्थापित होगा।

इस अवसर पर प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि देश के व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन समय पर सस्ता ऋण मिलना अब भी चुनौती है। यह पोर्टल व्यापारियों को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से औपचारिक वित्तीय सेवाओं से जोड़ने में मदद करेगा।वहीं जी.एम. जिलानी ने कहा कि यह साझेदारी छोटे व्यापारियों तक विश्वसनीय नेटवर्क के माध्यम से वित्तीय सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह पहल ऐसे समय में की गई है जब छोटे व्यापारी और व्यवसाय अभी भी औपचारिक ऋण तक पहुंच में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में यह फिनटेक प्लेटफॉर्म देश की खुदरा अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकता है।

Scroll to Top