FB IMG 1774956760018

कलेक्ट्रेट में ई-ऑफिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश : कमिश्नर

हरदा । संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन, स्थापना शाखा, एसी शाखा, एनआईसी तथा अधीक्षक कार्यालय की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने ई-ऑफिस प्रणाली में आवक-जावक प्रक्रिया का परीक्षण करते हुए कर्मचारियों की कार्यदक्षता परखी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी फाइलों का संचालन केवल ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाए। साथ ही कलेक्ट्रेट की पूरी आवक-जावक प्रक्रिया को केंद्रीकृत करने तथा पत्रों की मार्किंग के लिए केवल कलेक्टर और अपर कलेक्टर—इन दो स्तरों को निर्धारित रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पत्र या शिकायत लंबित न रहे और प्राप्त होने वाले सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए। शाखा प्रभारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्य की प्रगति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

स्थापना शाखा के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कर्मचारियों के समयमान वेतनमान, विभागीय जांच, न्यायालयीन प्रकरण, स्वेच्छानुदान, सेवा पुस्तिका तथा हिट-एंड-रन मामलों की समीक्षा की। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों के शीघ्र और गंभीरता से निराकरण तथा समय पर जवाब प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top