हरदा। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश इकाई द्वारा व्यापारियों को डिजिटल माध्यमों से जोड़ने और उनके व्यवसाय को नई दिशा देने के उद्देश्य से 27 मार्च को सायं 4 बजे ऑनलाइन सेमिनार आयोजित किया जाएगा।
कैट के जिला अध्यक्ष सरगम जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि सेमिनार में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं नई दिल्ली से कैट की ऑपरेशन हेड इस्मिता ओझा डिजिटल व्यापार के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगी।
यह विशेष सत्र व्हाट्सएप (मेटा) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें व्यापारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने व्यवसाय का विस्तार करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। सेमिनार में ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने, ऑर्डर एवं कस्टमर मैनेजमेंट को सरल बनाने तथा ऑनलाइन व्यापार को प्रभावी ढंग से संचालित करने के विषय में विस्तार से समझाया जाएगा।
कैट पदाधिकारियों ने प्रदेश के सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे इस निशुल्क ऑनलाइन सेमिनार का लाभ उठाएं और अपने व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। सेमिनार में भाग लेने के लिए संबंधित जिले के कैट पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।












