टिमरनी (संदीप अग्रवाल)। नगर में विगत दो वर्षों से चल रहा रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य लोगों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। निर्माण कार्य की धीमी गति एवं एप्रोच रोड के अभाव के चलते रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ठेकेदार द्वारा एप्रोच रोड का निर्माण नहीं किए जाने पर स्थानीय प्रशासन ने कुशवाहा कॉलोनी से होकर वैकल्पिक बायपास मार्ग तैयार कराया था, लेकिन यह मार्ग वर्तमान में अत्यंत खस्ताहाल हो चुका है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं तथा भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से स्थिति और बिगड़ गई है। धूल और दुर्घटनाओं के कारण क्षेत्रवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
इसी समस्या को लेकर बुधवार को माधव नगर कॉलोनी के समीप सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर लगभग एक-एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
रहवासियों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। धूल के कारण दमा एवं अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि सड़क का पूर्ण रूप से निर्माण होने तक इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जाए।
सूचना मिलने पर राजस्व एवं पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। एसडीएम संजीव कुमार नागू की उपस्थिति में लोगों ने अपना आक्रोश व्यक्त किया। अधिकारियों द्वारा शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त किया गया।
एसडीएम ने संबंधित ठेकेदार को मार्ग के गड्ढे भरने एवं धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग का सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही मार्ग का सुधार नहीं किया गया, तो बस स्टैंड चौक पर अनिश्चितकालीन धरना किया जाएगा।











