टिमरनी (संदीप अग्रवाल)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंडल टिमरनी में दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 8 से 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित हुआ, जिसका समापन गुरुवार को स्थानीय सनराइज स्कूल में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अतुल बारंगे ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे यहां प्राप्त ज्ञान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करें। प्रशिक्षण वर्ग के अंतर्गत विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी की रीति-नीति, कार्य पद्धति, वैचारिक अधिष्ठान, सोशल मीडिया एवं आईटी का उपयोग, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाएं तथा भाजपा का इतिहास एवं विकास जैसे विषयों पर वरिष्ठ नेताओं एवं वक्ताओं द्वारा विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री डी.डी. उईके अपने संबोधन में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं के रोजगार से जुड़ी योजनाओं—पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री डी.डी. उईके, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा,नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज ,जिला महामंत्री बसंत सिंह राजपूत, भाजपा उपाध्यक्ष जगदीश सिंह सोलंकी, विनीत गीते, भाजपा मंत्री अखिलेश बांके, निशा दुबे, रुक्मणी गौर, जिला कोषाध्यक्ष समर्थ सिंहल, अभ्यास वर्ग जिला संयोजक देवीसिंह सांखला , अशोक पाराशर,उदय चौहान,दीपक नेमा,मंडल अध्यक्ष अतुल बारंगे, महामंत्री संतोष डोंगरे एवं अंकित कनेरे युवा मोर्चा अध्यक्ष सागर तिवारी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वर्ग के सुचारू संचालन हेतु मंडल उपाध्यक्ष रोहित काशिव ने वर्ग नियंत्रक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर वरिष्ठ नेताओं एवं प्रशिक्षकों ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, बूथ प्रबंधन एवं जनसंपर्क के प्रभावी तरीके बताए तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।













