IMG 20260403 180735

हरदा नगर के प्रदीप – प्रिया जैन को मिला भगवान के माता -पिता बनने का सौभाग्य, खंडवा में आयोजित 1008 श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में

आजीवन पालने होंगे कठिन नियम संयम व्रत

हरदा (सार्थक जैन)। पूर्व निमाड़ की पुण्य धरा खंडवा में आयोजित 1008 श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में हरदा निवासी श्रीमती प्रिया एवं श्री प्रदीप अजमेरा को भगवान आदिनाथ के माता-पिता बनने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

जैन समाज हरदा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन एवं कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि पूज्य मुनि श्री 108 आदित्य सागरजी गुरुदेव के मंगल आशीर्वाद से खंडवा में 1008 श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है । जैन परम्परा में नवीन जिनालय में भगवान की प्राणप्रतिष्ठा के पहले भगवान के पांच कल्याणक गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान एवं मोक्ष की धार्मिक क्रिया संपन्न करवाई जाती है। इसी धार्मिक क्रियाओं में भगवान के माता पिता बनाये जाते है जो कि आजीवन कठिन नियम संयम व्रत पालने वालों को मुनिश्री परीक्षण कर बनाते है । इस क्रम में यह सौभाग्य हरदा के प्रदीप प्रिया जैन अजमेरा को प्राप्त हुआ है ।

श्री अजमेरा दम्पत्ति को यह सौभाग्य मिलने पर नगर की जैन समाज में हर्ष का माहौल है । आयोजन के तहत गोद भराई का भव्य कार्यक्रम हरदा में आयोजित किया गया है । यह कार्यक्रम रविवार, 05 अप्रैल 2026 को सायं 7:00 बजे दाल मिल परिसर, एलआईसी ऑफिस के पास, हरदा में आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर धार्मिक लाभ लेने की अपील की है। आयोजक कौशल्या देवी अजमेरा एवं समस्त अजमेरा परिवार ने सभी से गरिमामयी उपस्थिति की अपेक्षा व्यक्त की है।

Scroll to Top