टिमरनी। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही और उदासीनता के आरोप लगाते हुए कहा कि नगर में चल रहे ओवर ब्रिज निर्माण के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
जायसवाल ने बताया कि पुल निर्माण के दौरान सर्विस रोड बनाने के नाम पर सैकड़ों मकानों को तोड़ दिया गया, लेकिन अब तक सर्विस रोड का निर्माण शुरू नहीं किया गया है। इसके चलते नागरिकों को कच्ची और ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर आवागमन करना पड़ रहा है। वैकल्पिक मार्ग की स्थिति भी अत्यंत खराब है, जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि कच्ची सड़कों पर वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास के रहवासी परेशान हैं। लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे आम जनता में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।जायसवाल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि टिमरनी की जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने नगर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में दर्जनों चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिनमें लाखों रुपए का सामान चोरी हुआ है, लेकिन पुलिस को अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि चोरी की घटनाओं की जांच के लिए विशेष दल गठित किया जाए, ताकि निष्पक्ष और प्रभावी जांच हो सके।
अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर ओवर ब्रिज निर्माण से उत्पन्न समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस द्वारा जन आंदोलन किया जाएगा।











