T1 160326051525110

अग्नि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर ने दिये आवश्यक निर्देश, ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर नियंत्रण के लिये शहर में पुलिस के 112 वाहन के साथ गश्त करेंगे पटवारी

  • शहरी क्षेत्रों में कचरे में आग न लगे, गांवों में पानी के टैंकरों में प्रेशर पाइप लगाए जाएं
  • घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस की उपलब्धता में दिक्कत न हो
  • ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर नियंत्रण के लिये शहर में पुलिस के 112 वाहन के साथ गश्त करेंगे पटवारी
  • डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों पर होगी चालानी कार्रवाई

हरदा । जिले में अग्नि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किये जाने के लिए कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने जिले अधिकारियों को टीएल बैठक में निर्देश दिये हैं। उन्होने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के पास उपलब्ध पानी के टैंकरों में अनिवार्य रूप से प्रेशर पाईप लगा हो। शहरी क्षेत्रों में जहाँ कचरे का संग्रहण है, वहां इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कचरे में आग न लगे। यदि आग लगती है तो तुरन्त उस पर नियंत्रण किया जाए।

सोमवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले में घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस की उपलब्धता में दिक्कत न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होने रात 10 बजे के बाद ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से कहा कि पुलिस की 112 वेन के साथ प्रत्येक क्षेत्र में संबंधित पटवारी गश्त करें। यदि कहीं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का शोर पाया जाता है तो तत्काल कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाए। बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिये कि शहरी क्षेत्रों में जो दुकानदार डस्टबिन नहीं रख रहे हैं, उनके विरूद्ध चालानी कार्यवाही की जाए। उन्होने यह भी कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण कर ठेले लगाने वाले दुकानदारों के विरूद्ध भी कार्यवाही हो। गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले के बस स्टेण्डों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी स्थानीय निकायों को निर्देश दिये गये। बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत भवनों पर अधिक से अधिक संख्या में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के लिये भी नगरीय निकायों से कहा गया। इसके साथ ही हेण्डपम्पों के आसपास सोकपिट बनवाने के लिये भी संबंधित एजेन्सी को बैठक में निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूली छात्रावासों में जनभागीदारी से आरओ वाटर प्यूरिफायर सिस्टम लगवाने के भी बैठक में निर्देश दिये।

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, संकल्प से समाधान एवं अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीएम हेल्पलाइन के निराकरण में फिसड्डी रहने वाली जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के एक-एक सप्ताह के वेतन काटने के निर्देश दिये गये।

बांस के प्लांटर से होगा अतिथियों का स्वागत :एक जिला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत जिले में बांस से बनी कलाकृतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं कि आगामी सभी कार्यक्रमों में अतिथियों को गुलदस्ते की जगह बांस के प्लांटर भेंट किये जायेंगे, जिससे बांस की कलाकृतियों को लोक प्रिय बनाने में मदद मिलेगी। 

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय व रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Scroll to Top