IMG 20260323 WA0308

हरदा को CSR फंड से मिली दो एंबुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल

हरदा (संदीप अग्रवाल)। जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत मझगांव डॉक शिव बिल्डर लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड के अंतर्गत लगभग 70 लाख रुपये की लागत से दो एंबुलेंस प्रदान की गईं। इन एंबुलेंसों का लोकार्पण स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस पहल के लिए कंपनी के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर डॉ. विवेक अतुल भुस्कुटे के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. भुस्कुटे ने जानकारी दी कि एक एंबुलेंस टिमरनी के वनवासी अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए उपयोग में लाई जाएगी, जबकि दूसरी एंबुलेंस जिला अस्पताल हरदा को सौंपी जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एच.पी. सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. अतुल गोविंद भुस्कुटे, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, सरस्वती शिक्षा मंडल टिमरनी के सचिव आनंद मुजुमदार, समाजसेवी अनिल जैन, बीएमओ टिमरनी डॉ. चौरे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मझगांव डॉक शिप बिल्डर्स द्वारा हाल ही में हरदा जिले की ग्रामीण शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम भारती संस्था को 15 आधुनिक एआई-सुविधा युक्त इंटरएक्टिव पैनल भी प्रदान किए गए हैं, जिनका लोकार्पण एक दिन पूर्व ही किया गया था।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में मिली इन महत्वपूर्ण सौगातों के लिए उपस्थित लोगों ने डॉ. विवेक भुस्कुटे के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

Scroll to Top