IMG 20260318 WA0291

मध्यप्रदेश सबसे तेज गति से रोजगार दिलाने वाला प्रदेश, प्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को दिया जा रहा है बढ़ावा : मुख्यमंत्री मोहन यादव

  • हरदा जिले में शहीद दीप सिंह चौहान सिंचाई उद्वहन परियोजना से टेल क्षेत्र के खेतों को मिलेगा पानी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • हरदा में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन कार्यक्रम में 199.79 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व 32.48 करोड़ रूपये के कार्यों का भूमि पूजन हुआ

हरदा (सार्थक जैन) । प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिये कार्य कर रही है। किसानों के हित में सरकार सदैव तत्पर है एवं कृषि आय बढ़ाने के लिये विभिन्न योजनाएं एवं अनुदान व्यवस्था लागू की है, जिसके फलस्वरूप प्रदेश में कृषि विकास के क्षेत्र में नित नये आयाम स्थापित हो रहे हैं। उक्त बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में कहीं।

मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रदेश देश का तेजी से रोजगार दिलाने वाला प्रदेश बन रहा है। किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किये गये हैं। सिंचाई के क्षेत्र में हरदा जिले को शतप्रतिशत सिंचित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। इस दौरान उन्होने 199.79 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व 32.48 करोड़ रूपये के कार्यों का भूमि पूजन भी किया एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, विधायक आर.के. दोगने, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा जिले में स्थापित शहीद दीप सिंह चौहान उद्वहन सिंचाई परियोजना से टेल क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिये पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हरदा में आना कठिनाईयों भरा होता था, लेकिन अब हरदा में सड़कों का जाल बिछ गया है। उन्होने कहा कि आज हरदा को तीन सांदीपनि स्कूलों की सौगात भी मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश आज निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर है। वर्ष 2003 में लोगों को रात्रि में भी बिजली नहीं मिलती थी लेकिन आज गांव-गांव में चौबीस घंटे बिजली उपलब्ध हो रही है। इसी तरह गत बीस वर्षों में गेहूँ का समर्थन मूल्य भी बढ़ाया गया है। आगामी वर्षों में गेहूँ 2700 रूपये प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उड़द पर किसानों को 600 रूपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा। इसी तरह शासन ने गौशालाओं में गायों को रखरखाव के लिये 20 रूपये के अनुदान को बढ़ाकर 40 रूपये प्रति गाय कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसान गौशालाओं को भूसा उपलब्ध कराते है तो उन्हें भूसा बनाने की मशीन एवं अन्य साधनों की सहुलियत दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर हाथ को काम और हर खेत को पानी पहुँचाया जा रहा है। नदी जोड़ो अभियान के तहत मध्यप्रदेश के राजस्थान की सीमा से सटे 13 जिलों में सिंचाई का प्रबन्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 2003 में मात्र 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध थी लेकिन हमारी सरकार ने विगत 20 वर्ष में 55 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है और आगामी 5 वर्ष में लगभग 100 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होने कहा कि प्रदेश के किसानों के बच्चों को कृषि शिक्षा के क्षेत्र में उन्नत बनाने के लिये कृषि महाविद्यालयों के अलावा अब विश्वविद्यालयों में भी बीएससी कृषि का पाठ्यक्रम प्रारम्भ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारखानों पर काम करने वाले युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिये कारखाने में काम करने वाले युवाओं को 5 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि देने की योजना लागू की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम इस वर्ष कृषक कल्याण वर्ष मना रहे है। इसमें 17 विभागों को जोड़ा गया है। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन करने वाले किसानों को बढ़ावा दिया जाएगा, इससे किसान समृद्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा में निवास करने वाले लोग भाग्यशाली हैं क्योंकि हरदा जिला सिंचाई, बिजली और पानी में आत्मनिर्भर है।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों का आह्वान किया कि वे नरवाई न जलाएं। उन्होने कहा कि नरवाई जलाने से खेत के पोषक तत्व, कीट पतंग, लोगों की फसल, घर नष्ट हो जाते है एवं भूमि की उर्वरा शक्ति कमजोर होती है। मुख्यमंत्री ने यशोदा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ये योजना सरकारी स्कूलों में लागू की जाएगी। इस योजना के तहत बच्चों के बेहतर सेहत के लिये उन्हें दूध दिया जाएगा।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं मध्यप्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों के हित में निरन्तर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को सशक्त प्रदेश बनाने का कार्य किया है। किसानों के हित में समर्थन मूल्य, बोनस एवं भावान्तर योजना के द्वारा किसानों को लाभान्वित किया है। उन्होने कहा कि आज राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 75 सहकारिता निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने स्वागत भाषण देते हुए हरदा जिले को नहर, सड़क सहित किसान हित में निर्णय लेने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह ने किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

प्रोटोकॉल के बीच विधायक आर के दोगने ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से कि मांग : कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग के उद्वोधन से पहले विधायक आर के दोगने ने प्रोटोकॉल के बीच किसानों की आवाज उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से गेहूँ का समर्थन मूल्य 2700/- रूपये करने की मांग रखकर सबको चौका दिया। श्री दोगने ने इसके साथ ही हरदा आशापुर नर्मदापुरम् मार्ग की मांग पूरी करने पर आभार व्यक्त किया। विधायक दोगने के द्वारा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर कलेक्टर सहित उपस्थित अधिकारी असहज नजर आये।

कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार : किसान सम्मेलन में शामिल होने हरदा पधार रहे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रूपये करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर समीपस्थ ग्राम कड़ोला में एक मैरिज गार्डन में अस्थाई रूप से रखा कार्यक्रम के बाद में रिहा कर दिया । कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मोहन सांई के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया ।IMG 20260318 WA0303

Scroll to Top