8 कलेक्टर नहीं गए राष्ट्रपति से भूमि सम्मान लेने, किसी ने SLR तो किसी ने ADM और SDM को भेजा

8 कलेक्टर नहीं गए राष्ट्रपति से भूमि सम्मान लेने, किसी ने SLR तो किसी ने ADM और SDM को भेजा

FB IMG 1689682685917

लोकमतचक्र डॉट कॉम।

भोपाल । केंद्रीय पंचायत राज मंत्रालय द्वारा डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्डस आधुनिकीकरण के क्षेत्र में किए गए बेस्ट परफार्म पर देश भर में सबसे अधिक मध्यप्रदेश के 15 कलेक्टरों का सम्मान किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन 15 जिलों के कलेक्टरों को भूमि सम्मान 2023 में प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित करना था लेकिन मध्यप्रदेश के 8 जिलों के कलेक्टरों ने नई दिल्ली जाने की जरूरत नहीं समझी और अपने अधीनस्थ अफसरों को कलेक्टर के नाम पर मिलने वाला सम्मान लेने के लिए भेज दिया। हालत यह रही कि किसी कलेक्टर ने अपर कलेक्टर, किसी ने संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और किसी ने तो एसएलआर को ही सम्मान लेने के लिए भेज दिया। अब ये अफसर सम्मान लेकर मध्यप्रदेश लौट आए हैं।

यह सम्मान मध्यप्रदेश ने राज्य व जिला दोनों ही श्रेणियों में देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरकार का कहना है कि यह राज्य व केन्द्र सरकार के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है जहां शत-प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार द्वारा प्रदाय की जाती है, वहीं राज्य सरकारों द्वारा कार्यक्रम का क्रियान्वयन किया जाता है। इस परफार्मेंस पर मध्यप्रदेश के प्रमुख राजस्व आयुक्त संजय गोयल और अपर आयुक्त भू अभिलेख चंद्रशेखल वालिम्बे भी सम्मानित हुए हैं। इनकी टीम में नमिता खरे, बृजेश नामदेव, मुजीब उद्दीन खिलजी एवं दिगपाल सिंह भी शामिल थे।

इस जिले से इस अफसर ने लिया राष्ट्रपति के हाथों सम्मान

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मंगलवार को हुए कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा एमपी के आगर मालवा, अलीराजपुर, अनूपपुर, भोपाल, गुना, हरदा, इंदौर, खरगोन, नीमच, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उज्जैन, उमरिया और विदिशा जिलों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार ग्रहण करने के दौरान आगर-मालवा का पुरस्कार संयुक्त कलेक्टर राजेन्द्र सिंह रघुवंशी, अलीराजपुर का अपर कलेक्टर अनुपमा निनामा, अनूपपुर का कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, भोपाल का अपर कलेक्टर माया अवस्थी, गुना का कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए, हरदा का कलेक्टर ऋषि गर्ग, इंदौर का कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, खरगोन का डिप्टी कलेक्टर प्रताप कुमार अगासिया, नीमच का अपर कलेक्टर नेहा मीणा, सीधी का कलेक्टर साकेत मालवीया, सिंगरौली का डिप्टी कलेक्टर ऋषि पवार, टीकमगढ़ का संयुक्त कलेक्टर संजय कुमार जैन, उज्जैन का कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, उमरिया का भू-अभिलेख अधीक्षक सतीश सोनी और विदिशा का पुरस्कार कलेक्टर उमा शंकर भार्गव ने ग्रहण किया।

Scroll to Top