मुरैना जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रेत माफिया की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिमनी थाना क्षेत्र के रानपूरा गांव में वन विभाग की टीम पर हमला करते हुए एक वन कर्मी को ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया।
मृतक वन कर्मी की पहचान हरकेश गुर्जर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम अवैध रेत खनन पर कार्रवाई करने पहुंची थी, तभी रेत माफिया से जुड़े आरोपियों ने टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने हरकेश गुर्जर को वाहन से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पास के एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान विनोद कोरी के रूप में की गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध रेत खनन और माफिया के बढ़ते हौसलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













