दुनिया में कई अरबपतियों की कहानियां आपने सुनी होंगी, लेकिन मध्यप्रदेश के सतना जिले की यह खबर ‘दुनिया के सबसे गरीब इंसान’ के बारे में है। एक परिवार का इनकम सर्टिफिकेट जारी हुआ है, जिसमें उनकी पूरे साल की कमाई सिर्फ 3 रुपये बताई गई है। यानी औसतन एक महीने में सिर्फ 25 पैसे की आमदनी है। यह कोई मजाक नहीं है, यह हकीकत है। यह जानकारी एक आय प्रमाण पत्र में दर्ज की गई थी, जिसे देखकर न केवल स्थानीय प्रशासन हैरान हुआ, बल्कि सोशल मीडिया पर भी इस दस्तावेज की तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं। यह सर्टिफिकेट तहसीलदार के हस्ताक्षर जारी हुआ है। हालांकि बाद में प्रशासन ने अपनी गलती मानी है।
यह चौंकाने वाला पूरा मामला मध्य प्रदेश के सतना जिले का है। कोठी तहसील के नयागांव निवासी रामस्वरूप पिता श्यामलाल का 22 जुलाई 2025 को एक आय प्रमाण पत्र जारी किया गया। उसमें परिवार की समस्त श्रोतों से आय महज तीन रुपए सालाना दर्ज की गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह दस्तावेज तहसीलदार सौरभ द्विवेदी के हस्ताक्षर सहित विधिवत रूप से जारी किया गया है।
सोशल मीडिया में जमकर हो रहा वायरल
इस आय प्रमाण पत्र की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। लोग प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगे हैं। मामला मजाक और चिंता दोनों का विषय बन गया है। लोग सोचने पर मजबूर हैं कि भला कैसे कोई इंसान इतना गरीब हो सकता है।
नया जारी हुआ इनकम सर्टिफिकेट
इस मामले पर कोठी तहसीलदार सौरभ द्विवेदी नै बताया कि यह लिपिकीय त्रुटि के कारण हो गया है। मामला संज्ञान में आते ही आय प्रमाण पत्र को निरस्त कर नया आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है। जिसमें उसकी वार्षिक आय तीस हजार दर्शायी गई है।











