हरदा। शहर के प्रमुख परिवहन केंद्र नेताजी सुभाष चंद्र बोस बस स्टैंड के पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन समारोह मंगलवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल मौजूद रहे। श्री पटेल ने भूमि पूजन कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की तथा शिलालेख अनावरण किया । पूर्व मंत्री कमल पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि बस स्टैंड के पुनर्निर्माण से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि हरदा के विकास को भी नई गति मिलेगी।
नपा अध्यक्ष श्रीमती कमेड़िया ने कहा कि इस बसस्टैंड पुनर्निर्माण के पूर्ण होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे आवागमन और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगा। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती कमेड़िया, उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, सांसद प्रतिनिधि राजू कमेड़िया, पार्षदों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।












