Screenshot 2026 04 05 09 51 46 15 a23b203fd3aafc6dcb84e438dda678b6

“किसान और आमजन पर बढ़ता बोझ”: हरदा में जितू पटवारी का मोहन सरकार पर हमला, 9 अप्रैल को कलेक्ट्रेट घेराव का ऐलान

हरदा। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितू पटवारी ने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पूरे राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई परिवार नहीं बचा है जो इन नीतियों का शिकार न हुआ हो।

शनिवार देर शाम हरदा पहुंचे पटवारी ने किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश पटेल गोयल द्वारा नर्मदा परिक्रमा पूर्ण होने पर आयोजित भंडारे में भाग लिया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

पटवारी ने गेहूं खरीदी में हो रही देरी को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर खरीदी प्रक्रिया में विलंब किया जा रहा है, जिससे किसान मजबूरी में अपना गेहूं खुले बाजार में कम कीमत पर बेचने को विवश हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने बारदानों की कमी को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि जहां लगभग 10 करोड़ बारदानों की आवश्यकता है, वहां सरकार ने केवल ढाई करोड़ बारदानों की व्यवस्था कर किसानों के साथ अन्याय किया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस 9 अप्रैल को प्रदेशभर में कलेक्ट्रेट घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सरकार की किसान-विरोधी नीतियों को उजागर करने के लिए किया जाएगा, ताकि जनता के सामने सच्चाई लाई जा सके।

इसके बाद जितू पटवारी गोयत गांव पहुंचे, जहां उन्होंने नर्मदा परिक्रमा पूर्ण करने वाले राजेश पटेल से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और परिक्रमा वासियों से आशीर्वाद लिया।इस दौरान हरियाणा के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हरदा विधायक रामकिशोर दोगने, टिमरनी विधायक कुंवर अभिजीत शाह सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Scroll to Top