InCollage 20260309 120127216

हरदा में हर्षोल्लास से मना रंगपंचमी का त्यौहार, हिंदू जागरण मंच ने नगर में निकाली ‘गैर’ 

व्यापारी संघ ने दयोदय गौशाला में तो सर्व ब्राह्मण समाज ने रेवा गार्डन में मनाया फागोत्सव 

हरदा । नगर में हर्षोल्लास के साथ रंगपंचमी का पर्व मनाया गया। इस मौके पर सकल हिंदू समाज और हिंदू जागरण मंच की ओर से शहर में ‘गैर’ (फाग यात्रा) निकाली गई। हुलियारों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया और नगर पालिका के टैंकरों से पानी की बौछारों के बीच डीजे की धुन पर गैर में शामिल लोगों द्वारा जमकर नृत्य किया। वहीं व्यापारी संघ ने दयोदय गौशाला परिसर में तो सर्व ब्राह्मण समाज ने रेवा गार्डन में जोरदार तरिके से बाहर से आये कलाकारों के साथ फागोत्सव मनाया।

धर्म जागरण मंच के श्याम शर्मा ने बताया कि हरदा में पिछले 25 वर्षों से सकल हिंदू समाज द्वारा यह गैर निकाली जा रही है। रविवार को यह यात्रा संघ कार्यालय गुर्जर बोर्डिंग (छात्रावास) के सामने से शुरू हुई और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शिवाजी चौक पर जाकर संपन्न हुई। गैर यात्रा में शामिल युवाओं ने ‘भारत माता’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। रास्ते भर युवाओं और बच्चों ने एक-दूसरे पर पानी की बौछारें कीं और गुलाल उड़ाकर पर्व का आनंद लिया।

उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। एसडीएम अशोक डेहरिया, एसडीओपी शालनी परस्ते, तहसीलदार राजेन्द्र पंवार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और थाना प्रभारी ने पूरी पुलिस टीम के साथ कमान संभाली। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे उत्सव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

इस भव्य आयोजन में नगर के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता की। व्यापारी संघ ने दयोदय गौशाला परिसर में अबीर गुलाल की होली और फाग गीतों ने पूरे वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया। सर्व ब्राम्हण समाज संगठन के द्वारा आयोजित फागोत्सव में इंदौर के कलाकारों के साथ सामाजिक बंधुओं पर बहनों ने बरसाने और ब्रज की होली खेली। उज्जैन से आये 200 किलो फूलों से वृन्दावन बिहारीलाल और राधारानी का श्रृंगार कर फागोत्सव मनाया गया।

शहर भर में सुबह से ही युवाओं और बच्चों की टोलियां रंग खेलते नजर आईं। विभिन्न कालोनियों में अपने अपने परिसर में रंगपंचमी का त्यौहार पारंपरिक रूप से मनाया ।

Scroll to Top