InCollage 20260305 145148143

होली के दूसरे दिन पुलिसकर्मियों ने मनाया त्यौहार, लाल-पीले नजर आए पुलिसकर्मी, लगाए ठुमके

हरदा (सार्थक जैन) । रंगों का त्यौहार होली के नगर में शांतिपूर्ण संपन्न होने के दूसरे दिन जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन में होली मनाई गई। जहां पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने अपने परिवार और दोस्तों के साथ होली खेली। होली के गीतों पर पुलिसकर्मी और अधिकारी जमकर थिरके और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। 48 घंटे ड्यूटी करने के बाद पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के चेहरे पर अलग ही मुस्कान नजर आ रही थी। ड्यूटी की थकान से दूर होकर पुलिसकर्मियों ने जमकर होली का आनंद उठाया।

कार्यक्रम में एसपी शशांक और एएसपी अमित मिश्रा सहित तीनों संभागों के एसडीओपी और सभी थानों के टीआई मौजूद रहे। इन सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया और संगीत की धुन पर खूब नृत्य किया। विभिन्न थानों के जवानों ने भी इस उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया। एसपी ने सभी को मिठाई खिलाकर बधाई भी दी।

साल के 365 दिन यही ऊर्जा और उमंग होना चाहिए

पुलिस कप्तान शशांक ने कहा कि “होली में जो ऊर्जा का स्तर, जो उमंग का स्तर है, साल के 365 दिन यही ऊर्जा और उमंग होना चाहिए। सालभर पुलिस को इसी स्तर से काम करना है। इस अवसर पर एसपी शशांक ने सभी कर्मचारियों को पूरे उत्साह के साथ होली का पर्व मनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि लगातार ड्यूटी के कारण आई थकान को दूर करें, लेकिन पर्व को सादगी और अनुशासन में रहकर ही मनाएं।

होली की इस मस्ती में सिपाही से लेकर अधिकारी भी थिरके। होली के दिन सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहने वाले पुलिसकर्मी और अधिकारी एक दिन बाद हर वर्ष होली मनाते हैं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं देते हैं। त्याैहारों पर सुरक्षा व्यवस्था के दौरान तनाव में रहने वाले पुलिसकर्मियों को होली के दूसरे दिन रंगों का त्यौहार मनाने का मौका मिलता है।

होली मिलन समारोह में पुलिस अधिकारियों ने भी गुलाल लगाकर सभी स्टॉफ को बधाई दी। समारोह में पुलिसकर्मियों ने जबरदस्त डांस किया और होली समारोह का भरपूर आनंद उठाया। समारोह में लगभग 500 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

इस बार पुलिस की होली में महिला पुलिसकर्मियों का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महिला पुलिसकर्मियों की टोलियों ने न केवल एक-दूसरे को गुलाल लगाया, बल्कि फिल्मी और लोकगीतों पर जमकर नृत्य भी किया। महिला थाने से लेकर पुलिस लाइन तक महिला कर्मियों का जोश देखते ही बन रहा था।

गौरतलब है कि मंगलवार और बुधवार को जब पूरे शहर के लोग रंग-गुलाल खेलने में व्यस्त थे, तब पुलिस के जवान व्यवस्था बनाने में मुस्तैद थे। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करते दिखाई दिए और हुड़दंग मचाने वालों को नियंत्रित किया। आज गुरुवार का दिन इन जवानों ने होली के नाम रखा और पूरे दिन रंग-गुलाल उड़ाते रहे।

Scroll to Top